नयी दिल्ली - आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने आज नरेंद्र मोदी सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला करते हुए वित्तमंत्री अरुण जेटली का इस्तीफा मांगा। दोनों दलों ने कहा कि जेटली डीडीसीए घोटाले में लिप्त हैं। कांग्रेस ने जहां डीडीसीए की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग की, वहीं आम आदमी पार्टी ने कहा कि जेटली ने क्रिकेट को कीचड़ बना दिया और उनकी सपंत्ति साल में सैकड़ों करोड़ रुपये बढ़ गयी।
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने पांच अगस्त 2014 का एक पत्र मीडिया को दिखाया, जिसमें डीडीसीए घोटाले की जांच की मांग की गयी थी। उधर भाजपा सांसद कीर्ति आजाद ने आम आदमी पार्टी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केजरीवाल के आरोप सही साबित हो सकते है। अपने ऊपर लग रहे आरोपों का जवाब देते हुए अरुण जेटली ने कहा कि मैं आधारहीन आरोपों का जवाब नहीं दे सकता। यदि विपक्ष के पास कोई निश्चित मुद्दा है और वह उस पर सवाल करेंगे तो मैं जवाब देने के लिए तैयार हूं।
उन्होंने कहा कि जिस राज्य सरकार और पार्टी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हों, उनके तथ्यहीन आरोपों पर जवाब देने का औचित्य नहीं है।