नई दिल्ली - उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी अपनी तीन दिवसीय तुर्कमेनिस्तान यात्रा के बाद रविवार को स्वदेश लौट आये। तुर्कमेनिस्तान की आधिकारिक यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति ने वहां तुर्कमेनिस्तान-अफगानिस्तान-पाकिस्तान-भारत (तापी) गैस पाइपलाइन परियोजना के समारोह में हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने वहां तुर्कमेनिस्तान के गुट-निरपेक्षता के दर्जा प्राप्त करने की 20वीं वर्षगांठ के समारोह में भी भाग लिया।
इस मौके पर आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि भारत मध्य एशिया के गुट निरपेक्ष आंदोलन का समर्थन करता है। उन्होंने गुटनिरपेक्षता के दर्जा लेने की 20वी वर्षगांठ पर तुर्कमेनिस्तान की जनता को बधाई दी। उपराष्ट्रपति ने तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति से भी मुलाकात की। उन्होंने तुर्कमेनिस्तान के तटस्थता के विचार को क्षेत्र में शांति के लिए अहम बताया और कहा कि भारत भी इसी विचार का पक्षधर है।