नयी दिल्ली - घूस लेने के आरोप में कल केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के हत्थे चढ़ा दिल्ली सरकार के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी के दौरान तीन किलोग्राम से अधिक वजन के सोने के बिस्कुट और 800 ग्राम चांदी के अलावा करोड़ों रुपये की सम्पत्ति के दस्तावेज बरामद किये गए हैं।
सीबीआई सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी को छापे के दौरान आरोपी अधिकारी के पांच बैंक लॉकरों का पता चला था, जिनमें से फिलहाल एक लॉकर खोला जा सका है तथा इसमें से 31 सोने के बिस्कुट (3.100 किलोग्राम) बरामद किये गए हैं। लॉकर से 800 ग्राम चांदी भी बरामद की गई है। सूत्रों ने 1984 बैच के इस अधिकारी के ठिकानों से करोड़ों रुपये मूल्य की आठ प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनमें नोएडा की तीन, ग्रेटर नोएडा और गुड़गांव के सेक्टर 56 में दो-दो तथा सफदरजंग एनक्लेव का एक प्रॉपर्टी शामिल है।
उनके घर से कीमती शराब की 300 बोतलें, कीमती घड़ियां, कई गाड़ियों से संबंधित दस्तावेज तथा विभिन्न बैंक खातों में कम से कम एक करोड़ रुपये पाये गए हैं। अधिकारी के कई विदेशी दौरे के भी साक्ष्य बरामद हुए हैं। इस अधिकारी पर नौ साल पहले भी गबन के एक मामले में मुकदमा हुआ था और आरोप पत्र दायर किया गया था। यह अधिकारी दिल्ली सरकार के अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक विभाग के प्रधान सचिव था, जिसे एक शिकायत के आधार पर सीबीआई ने दो लाख 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। अधिकारी को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है।