नई दिल्ली 23 मार्चः आखिरकार बाबा रामदेव के गुरु शंकरदेव की गुमशुदगी की सीबीआई जांच शुरू हो गई है। संशोधित रूप में अधिसूचना मिलने के बाद जांच एजेंसी ने इस मामले में अपहरण का केस दर्ज किया है। जल्द ही जांच अधिकारियों की टीम हरिद्वार रवाना होगी, जहां से रामदेव के गुरु शंकरदेव २००७ में अचानक गायब हो गए थे। गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में उत्तराखंड सरकार ने शंकरदेव की गुमशुदगी की जांच सीबीआई से कराने की अधिसूचना जारी की थी। इसके आधार पर केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने भी अधिसूचना जारी कर दी, लेकिन अधिसूचना में मूल एफआईआर का नंबर दर्ज नहीं होने के कारण सीबीआई ने केस लेने से इंकार कर दिया था।