नई दिल्ली - दिल्ली सरकार के मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में दुपहिया वाहनों और आटो पर सम-विषम फॉर्मूला लागू नहीं होगा। यानि दुपहिया वाहन और आटो रिक्शा रोजाना सड़कों पर दौड़ पाएंगे। मंत्री ने स्पष्ट करते हुए कहा कि रविवार को किसी गाड़ी पर रोक नहीं होगी और दिल्ली आने वाली हर निजी गाड़ी पर यह नियम लागू होगा। सतेंद्र जैन ने कहा कि इस फॉर्मूले के आदेश को लागू कराना दिल्ली पुलिस का काम है।
उनके अनुसार, डीटीसी बसों की संख्या 20 फीसदी बढ़ाई जाएगी और हम कोशिश कर रहे हैं कि मेट्रो के फेरे भी बढ़ाए जाएं। इससे पहले दिल्ली में प्रदूषण कम करने की कवायद के अंतर्गत दिल्ली सरकार द्वारा तय किए नए नियम के तहत किस दिन कौन से नंबरों की गाड़ियां सड़कों पर दौड़ेंगी, इस बाबत रविवार को ही जानकारी सामने आ गई थी। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया था कि राजधानी की सड़कों पर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को सम नंबरों की गाड़ियां दौड़ेंगी, जबकि सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को विषम नंबर की गाड़ियां चलेंगी।