नई दिल्ली - भारत और पाकिस्तान के जटिल रिश्तों को एक बार फिर पटरी पर लाने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पेरिस में जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के इतर दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मुलाकात और रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) स्तर की बातचीत के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज मंगलवार को पाकिस्तान रवाना होंगी।
इस्लामाबाद में अफगानिस्तान पर होने जा रहे 5वें 'हार्ट ऑफ एशिया' मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में सुषमा के साथ प्रतिनिधिमंडल में विदेश सचिव एस जयशंकर भी शामिल होंगे। अपनी इस यात्रा में विदेश मंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी मुलाकात करेंगी। दोनों देशों के रिश्तों में नए सिरे से ताजगी लाने के लिए हमेशा की तरह क्रिकेट कूटनीति का भी इस्तेमाल होगा। बताया जा रहा है कि सुषमा के पाक दौरे में ही दोनों देशों के बीच तीन एक दिवसीय और दो टी-20 वाली क्रिकेट सीरीज का भी एलान किया जाएगा।