इटावा - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अच्छे दिन आयेंगे की बात कहकर देश की जनता के साथ धोखा किया गया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सैफई में जनता दर्शन में लोगों की समस्या सुनने के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अच्छे दिन की बात का आधार बनाकर एक बार फिर उन पर बडा हमला किया और कहा कि अच्छे दिन आयेंगे कहकर देश की जनता के साथ छल किया गया है।
उन्होंने कहा कि अच्छे दिन के झांसे में आ गई जनता अब भाजपा को 2017 के विधानसभा चुनाव में सबक सिखायेगी। सरकार बेरोजगारों को नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराने के लिये प्रयत्नशील है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि बेरोजगारों को रोजगार कैसे उपलब्ध कराया जा सके। बहुजन समाज पार्टी पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पार्टी का कोई सिद्वान्त ही नहीं है। बसपा प्रमुख मायावती बिना नीति के अपने निजी स्वार्थ पर ही राजनीतिक निर्णय लेती हैं।