नई दिल्ली - कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा से गुजरात के द्वारका के एक मंदिर में जाति पूछे जाने से जुड़े मुद्दे पर राज्यसभा में हंगामे के बीच भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शैलजा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की 'नजरों में आने के लिए' इस सिलसिले में बयानबाजी कर रही हैं।
विजयवर्गीय ने यहां संवाददाताओं से कहा शैलजा केवल राहुल की नजरों में आने के लिए जाति पूछे जाने के मामले में बयान दे रही हैं। संसद का प्लेटफॉर्म झूठी बातें करने के लिए नहीं है। झूठी बातों से संसद की मर्यादा कम हो रही है। उन्होंने कहा असहिष्णुता के नाम पर बयानबाजी करने वाले लोग विदेशों में भारत का सम्मान कम कर रहे हैं। इससे पहले विजयवर्गीय ने रिंग रोड पर प्रस्तावित 'शहीद पार्क' के भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा कि जन प्रतिनिधियों को 'दमदारी' से शहर का विकास करना होगा।