चेन्नई - चेन्नई में बाढ़ के चलते रनवे पर पानी भरा होने की वजह से गुरुवार सुबह तक के लिए चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान परिचालन बंद रहेगा, जहां 1500 यात्री सहित करीब 3500 लोग फंसे हुए हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने कहा कि सभी फंसे हुए यात्रियों को हवाई अड्डे से बाहर निकाला जा रहा है, लेकिन उन्होंने अभी तक बचाए गए लोगों की ठीक-ठीक संख्या नहीं बताई।
एएआई ने सभी विमान सेवा संचालकों को गुरुवार सुबह छह बजे तक विमान परिचालन निलंबित होने के संबंध में एनओटीएएम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया है। यह ऐसा नोटिस होता है, जिसमें वायुक्षेत्र प्रबंधन के तहत किसी प्रतिष्ठान, स्थिति से संबंधित जानकारी या किसी सुविधा, सेवा या प्रक्रिया में बदलाव की जानकारी होती है। एसोचैम का अनुमान है कि बारिश से राज्य को 15 हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इस तबाही से छोटे व लघु उद्योगों के साथ-साथ आईटी, टूरिज्म, आटोमोबाइल और टेक्सटाइल का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
चेन्नई-गुडूर रेलवे सेक्शन पर रेलवे ब्रिज के पास पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और एहतियात के तौर पर रेलवे ने कुछ ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। चेन्नई के कुछ अस्पतालों में भी पानी घुस गया है। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। इन्फोसिस के दफ्तर में भी बाढ़ ने कहर बरपाया है। इन्फोसिस समेत कई आईटी कंपनियों के दफ्तर बंद हो गए हैं। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार की रात और अधिक बारिश होने की संभावना है। आने वाले 72 घंटे तमिलनाडु में कोहराम मचा सकते हैं।