लखनऊ - उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में आज कई अहम फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बताया कि प्रदेश के 100 राजकीय इंटर कॉलेज (बालक-बालिका) में वर्ष 2015-16 में क्लीन स्कूल-ग्रीन स्कूल योजना चलाने का फैसला किया गया है। इसके तहत स्टूडेंट्स को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ, विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण, उनका रख-रखाव और खेल के मैदानों का विकास किया जाएगा।
स्मार्ट क्लासेज की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों और अभिभावकों के क्लब बनेंगे। हरकोर्ट बटलर टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट कानपुर को विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। यह पूरी तरह से रेसिडेंसियल (नॉन-एफिलिएटिंग) टेक्नोलॉजी विवि होगा। इसमें मुख्य रूप से इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, बेसिक एंड एप्लाइड साइंस, सोशल साइंज, मैनेजमेंट, प्रोफेसनल कोर्सेज में स्टडी, रिसर्च के साथ इनोवेशन हब के रूप में विकसित किया जाएगा।