नई दिल्ली - जम्मू और कोलकाता में पांच लोगों की गिरफ्तारी के साथ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के बड़े जासूसी रैकेट का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा पकड़े गए दो जासूसों में बीएसएफ का एक जवान भी शामिल है। दूसरी ओर, मेरठ में सैन्य खुफिया दस्तावेजों के साथ पकड़े गए पाकिस्तानी जासूस के तीन मददगार एजेंटों को कोलकाता एसटीएफ ने दबोच लिया है। इनसे साढ़े तीन लाख रुपये की नकली भारतीय करेंसी भी बरामद की गई।
इनमें दो एजेंट 10 साल से आईएसआई के संपर्क में थे। वहीं, एक अन्य आरोपी अब भी सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर है। इस तरह बीते कुछ दिनों में आधा दर्जन से ज्यादा आईएसआई के एजेंट दबोचे जा चुके हैं। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा पकड़े गए जासूसों की पहचान जम्मू-कश्मीर के राजौरी निवासी कैफेतुल्लाह खान उर्फ मास्टर राजा (44) और बीएसएफ हवलदार अब्दुल रशीद के रूप में हुई है। दोनों रिश्तेदार हैं। कैफेतुल्लाह आईएसआई के इशारे पर भारतीय सुरक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेज को ईमेल, वाइबर और वाट्सएप के जरिये पाकिस्तान भेज रहा था।