नोएडा - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपनी शादी के लिये आर्थिक मदद मांगने वाली नोएडा निवासी लडकी की मदद के लिये उत्तर प्रदेश सरकार ने हाथ आगे बढाया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस लडकी को पांच लाख रूपये की मदद देने का ऐलान किया है। शनिवार को डीएम कैम्प कार्यालय में अपनी गुहार लेकर पहुंची लडकी को इस बारे में सूचित किया गया।
नोएडा के सैक्टर 49 में रहने वाली तीस वर्षीय एक युवती ने अपनी आर्थिक तंगी के चलते शादी टूटने से परेशान होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चिट्ठी लिखकर शादी के लिये आर्थिक मदद मांगी थी। मामले के मीडिया में आने के बाद प्रदेश सरकार ने इसे गम्भीरता से लेते हुए पांच लाख रूपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। उक्त युवती की शादी आगामी दो दिसम्बर को नियत हुई है।
बताया जा रहा है कि पहले भी पैसों की तंगी के चलते युवती की शादी कई बार टूट चुकी है और कई बार पैसों की कमी के कारण ही स्थगित भी हो चुकी है। नोएडा के बरौला निवासी इस लडकी की शादी एक कैब चालक से तय हुई। मूल रूप से कुशीनगर की निवासी उक्त युवती के पिता प्राईवेट फर्म में माली हैं और युवती खाने के टिफिन बनाने का कार्य करती है। आगामी 2 दिसम्बर को उसकी शादी होनी है। उसके पिता की कमाई मात्र दस हजार रूपये प्रतिमाह है, जिसमें से 45 सौ रूपये उन्हें घर के किराये के रूप में देने पडते हैं, साथ ही उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी जिम्मेदारी भी उन पर है।
युवती ने कहा था कि यदि इस बार उसकी शादी टूटी तो वह आत्महत्या कर लेगी, क्योंकि अब वह अपने परिवार पर बोझ नहीं बनना चाहती। उक्त युवती ने अपनी शादी में आर्थिक मदद के लिये प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था, जिसे जिलाधिकारी ने पीएमओ भेज दिया, जिसके बाद पीएमओ कार्यालय पर उक्त युवती की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी मांगी गई थी। सिटी मजिस्टे्रट ने जानकारी लेकर रिपोर्ट तैयार कर दी है, जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय भेज दिया गया है। उक्त युवती को आर्थिक मदद देने के सम्बन्ध में पीएमओ कार्यालय द्वारा निर्णय लिया जायेगा।