नई दिल्ली - उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गन्ना किसानों की दुर्दशा का मुद्दा उठाने के लिए पदयात्र की शुरूआत करते हुए सोमवार को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री तो विदेश यात्राएं करने में व्यस्त हैं लेकिन कांग्रेस किसानों और मजदूरों के साथ खड़ी है।
मोदी के 'अच्छे दिन' के नारे पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि अच्छे दिनों के उन वादों का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए अच्छे दिन उस दिन आएंगे जब किसान, मजदूर और गरीब अच्छा महसूस करेंगे। पदयात्र शुरू करने से पूर्व उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी इंग्लैंड की उड़ान भर रहे हैं तो राहुल गांधी आपके खेतों में आप लोगों के बीच खड़ा है। मैं आपको यह बताना चाहता हूं कि हम आपके साथ हैं। कांग्रेस आपके साथ खड़ी है और मर जाएगी लेकिन आपके साथ कभी नहीं छोड़गी।