वाराणसी - काशी-विश्वनाथ मंदिर में आने वाली विदेशी महिला पर्यटकों के लिए ड्रेसकोड लागू किया जा रहा है। कार्यपालक समिति के अध्यक्ष एवं कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने ऐसी पर्यटकों के जींस-टॉप या टीशर्ट पहन कर प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब वे मंदिर परिसर में हाफ पैंट, कैप्री या मिनी स्कर्ट पहनकर नहीं जा सकेंगी। ऐसी ड्रेस में आने वाली विदेशी महिलाओं से कहा जाएगा कि वे चेंजिग रूम में ऊपर से साड़ी पहन लें।
विदेशी महिला साड़ी पहन कर ही अंदर आ सकेंगी। कमिश्नर शनिवार सुबह 10 बजे मंदिर परिसर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अपर कार्यपालक अधिकारी को निर्देशित किया कि वह मंदिर की ओर से अच्छी साड़ियों का प्रबंध करें ताकि विदेशी पर्यटकों को दिक्कत न हो। दरअसल, बीते कई दिनों से यह बाते सामने आ रही थी कि विदेशी महिलाएं मंदिर में पश्चिमी परिधानों में ही आ जाती हैं।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीएन द्विवेदी ने बताया कि मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान विदेशी महिलाएं कम कपड़ों में जाती थीं। इसी पर लोगों को एतराज था। उनके लिए विश्वनाथ मंदिर पुलिस चौकी के पास चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। वहां साड़ियां रखी जाएंगी। मंदिर परिसर के काउंटर के पास भी साड़ियों का इंतजाम किया गया है।