नई दिल्ली - बीजेपी नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को कमिशन एजेंट बताया है। उन्होंने दावा किया कि दोनों के पास सम्मिलित रूप से ढाई लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है। अहमदाबाद में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वामी ने आरोप लगाया, 'सोनिया और राहुल को भारत में पनडुब्बी की सामग्रियां निर्यात करने वाली एक फ्रांसीसी कंपनी समेत दूसरी कंपनियों से दलाली मिलती है। स्वामी ने कंपनियों के नाम नहीं बताए और न ही उन्होंने अपने आरोपों के पक्ष में सबूत दिए।
स्वामी ने सोमवार को सनसनीखेज आरोप लगाया था कि राहुल गांधी के पास ब्रिटेन की नागरिकता है। उन्होंने इस संबंध में दस्तावेज भी दिए थे, लेकिन कांग्रेस ने इसे बकवास बताया था। ब्रिटेन के सरकारी विभाग कंपनी हाउस ने अनाधिकारिक रूप से कहा था कि हो सकता है कि टाइपिंग में गलती हो गई हो। बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी नेता नहीं, कमिशन एजेंट हैं। उन्होंने कहा कि सारे कांग्रेस नेताओं का भी यही काम है।