नई दिल्ली - चार दिनों की अपनी भारत यात्रा के दौरान ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विऐरा ने भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की। माउरो विऐरा ने सातवीं भारत-ब्राजील ज्वाइंट मीटिंग में हिस्सा लिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरुप ने बताया कि भारत-ब्राजील के विदेश मंत्रियों की इस बैठक में दोनों देशों के बीच साल 2006 में हुए समझौतों को आगे ले जाने की बात हुई है।
साथ ही दोनो देशों के बीच उच्चाधिकारियों की लगातार मुलाकातों की एक ऐसी व्यवस्था विकसित करने की भी बात हुई है, जिससे दोनों देशों के बीच हर मुद्दे पर बेहतर ढंग से काम हो सके। भारत-ब्राजील के बीच साल 2015 में व्यापार में 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दोनों देशों के बीच अब तकरीबन 1.42 बिलियन डॉलर का व्यापार हो रहा है। ब्राजील के विदेश मंत्री ने भारतीय कंपनियों द्वारा उनके देश में तेल एवं प्राकृतिक गैस, खनन, फॉर्मास्यूटिकल सहित कई क्षेत्रों में किए जा रहे बेहतर काम की सराहना की।