लखनऊ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आगरा के निकट जनपद फिरोजाबाद के हिरनगांव में अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और ग्रेटर नोएडा के जेवर नामक स्थान पर हवाई अड्डे की स्थापना से सम्बन्धित प्रकरणों का शीघ्रतापूर्वक समाधान करवाने का अनुरोध किया है, जिससे अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन नगरी आगरा में प्रति वर्ष लाखों की संख्या में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को सीधे अन्तर्राष्ट्रीय वायुसेवा की सुविधा मिल सके।
श्री यादव ने प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में अवगत कराया है कि पर्यटन नगरी आगरा में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को अन्तर्राष्ट्रीय वायु सेवा उपलब्ध कराने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आगरा में हवाई अड्डे की स्थापना प्रस्तावित है। इसके लिए आगरा के निकट जनपद फिरोजाबाद में हिरनगांव स्थल का चयन भी किया जा चुका है। हिरनगांव स्थल पर केन्द्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा कतिपय आपत्तियां उठायी गयी थीं।
इन आपत्तियों के सम्बन्ध में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा परीक्षण करते हुए यह सुझाव दिया गया कि इस परियोजना के तहत यदि आगरा में एयरफोर्स के वर्तमान खेरिया एयरपोर्ट के समानान्तर रन-वे बनाया जाए तो रक्षा मंत्रालय की आपत्ति का निराकरण हो सकता है। किन्तु रक्षा मंत्रालय द्वारा इस वैकल्पिक सुझाव पर भी आपत्ति की गयी। इन आपत्तियों में एक आपत्ति यह भी है कि स्वारा में एरोस्टेट यूनिट की स्थापना के लिए प्रस्तावित भूमि हवाई अड्डे हेतु प्रस्तावित भूमि के निकट है।