लखनऊ - समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने अपनी पार्टी के युवाओं को आज साम्प्रदायिकता से मजबूती से लडने की नसीहत देते हुए अखिलेश यादव सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने की अपील की। श्री यादव आज यहां सपा के चारो युवा संगठनो के पदाधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि 2०17 का विधानसभा चुनाव सिर पर है। जरा सी चूक भारी पड सकती है, इसलिए अभी से जुट जाओ और सपा सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचा दो।
उन्होंने युवाओं को सही आचरण करने की सलाह देते हुए कहा कि इसका सीधा असर जनता पर पडता है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों ने देशहित में ऐतिहासिक काम किये हैं। उनके विचारों का प्रचार-प्रसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को अपने कार्यो से एक बार फिर जीतना है। सपा की सत्ता में वापसी से ही खासतौर पर पिछडे वर्गो, अल्पसंख्यकों और दबे कुचले लोगों का भला होगा। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं के फक्र की बात है कि अखिलेश यादव सरकार के कामों की दूसरे राज्यों की सरकारें नकल कर रही हैं।