नई दिल्ली - राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश तीरथ सिंह ठाकुर को नया मुख्य न्यायाधीश किया है। विधि एवं न्याय मंत्रालय ने बताया कि मुखर्जी ने न्यायमूर्ति ठाकुर को उच्चतम न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तीन दिसम्बर से प्रभावी होगी। न्यायमूर्ति ठाकुर निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश एचएल दत्तू का स्थान लेंगे, जो दो दिसम्बर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
न्यायमूर्ति ठाकुर का जन्म चार जनवरी 1952 को जम्मू-कश्मीर के रामबण जिले में हुआ था। वह अक्टूबर 1972 में वकालत के पेशे में आए। जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय में उन्होंने दीवानी, आपराधिक, संवैधानिक, टैक्स एवं सेवा संबंधी मामलों की प्रैक्टिस की। उनके पिता स्वर्गीय डीडी ठाकुर भी अपने जमाने के नामी-गिरामी वकीलों में शुमार थे।