नई दिल्ली - मैगी के कारोबार में उतरने के बाद बाबा रामदेव अब जानी मानी स्पोटर्स वियर कंपनी नाइकी और एडिडास को टक्कर देने का मूड बना रहे हैं। अब जल्द ही आपको 'योगावियर' पहनने का मौका मिलेगा। इस योगावियर की खासियत यह होगी कि यह खादी से बनाया जाएगा। इतना ही नहीं योगावियर के अलावा बाबा रामदेव की तैयारी अब हॉर्लिक्स और बॉर्नविटा जैसे प्रोडक्ट लॉंच करने की भी है।
बाबा रामदेव के प्रोडक्ट्स ने घर- घर में अपनी पहचान बना ली है। अन्य कंपनियों के प्रोडक्ट्स के मुकाबले शहद सहित कई प्रोडक्ट आधे कीमत पर बाजार में उपलब्ध हैं। इसी का असर है कंपनी ने पिछले एक साल में 150 फीसदी की ग्रोथ हासिल की है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी इस साल 5000 करोड़ वाली कंपनी हो जाएगी। बाबा रामदेव न कहा है कि उनके प्रोडक्ट आयुर्वेदिक गुण से युक्त होने के साथ-साथ काफी किफायती भी होते हैं। यहीं कारण है कि इनका कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है।