नयी दिल्ली - समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री आजम खान के फ्रांस में हुए आतंकवादी हमले के संबंध में दिए गए बयान से खुद को अलग करते हुए आज कहा कि पार्टी इस घटना की पहले ही निंदा कर चुकी है और श्री खान का बयान पार्टी का मत नहीं है। श्री खान ने कहा था कि पेरिस में हुआ आतंकवादी हमला क्रिया की प्रतिक्रिया है। आजम के बयान संबंधी सवाल पर राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सपा इस तरह की घटनाओं की निंदा करती है।
पार्टी ने पेरिस की घटना की भी निंदा की है। आजम ने इस बारे में जो भी कहा है वह उनकी निजी विचार हो सकते हैं। श्री यादव ने कहा कि उन्हें पता नहीं है कि श्री खान ने यह बयान किस संदर्भ में दिया है लेकिन उनकी पार्टी इस तरह के बयान का समर्थन नहीं करती है। कांग्रेस ने भी श्री खान के बयान की निंदा की है। पार्टी प्रवक्ता अजय माकन ने पार्टी की नियमित ब्रीफिंग में कहा कि पेरिस में हुए हमले को किसी भी तरह से न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता।