मुजफ्फरनगर - रोहाना क्षेत्र में बाननगर फाटक एवं बावनदरा पुल के निकट सहारनपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में अचानक आग लग गई। ट्रेन में सवार यात्रियों ने पानी की बोतलें और मिट्टी तथा रेत फेंककर आग पर कुछ हद तक काबू पाया। देवबंद व मुजफ्फरनगर से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाडियों ने आग को पूरी तरह बुझा दिया।
आग से कोई जनहानि तो नहीं हुई, किन्तु यात्रियों में बुरी तरह हडकम्प मचा रहा। इस हादसे के कारण अनेक ट्रेनें प्रभावित रही, जिस कारण भैय्या दूज पर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पडा। जानकारी के अनुसार शाम के समय साढे चार बजे दिल्ली से चलकर सहारनपुर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन मुजफ्फरनगर से रवाना होकर रोहाना के निकट बाननगर फाटक पर पहुंची तो अचानक ट्रेन के इंजन में आग की लपटें उठने लगी। हडबडाकर ट्रेन के ड्राईवर ने गाडी को रोक दिया। गाडी रूकते ही यात्री डिब्बों से नीचे उतर आये और उन्होंने पानी की बोतलें तथा मिट्टी एवं रेत जलती आग पर फेंकना शुरू कर दिया, जिस कारण आग भयानक रूप नहीं ले पाई।