नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ब्रिटेन दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को बर्मिंघम पैलेस पहुंचे जहां उन्होंने ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ से मुलाकात की। ब्रिटेन यात्रा के दूसरे दिन पीएम मोदी आज क्वीन एलिजाबेथ के साथ लंच करेंगे और इसके बाद शाम को वेम्बले स्टेडियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में 60 हज़ार से ज्यादा लोगों के आने का अनुमान है।
ब्रिटेन की यात्रा पर आए सभी राष्ट्राध्यक्षों को सम्मान स्वरूप बकिंघम पैलेस आने का न्योता दिया जाता है। इससे पहले पीएम मोदी ने भारत और ब्रिटेन के टॉप सीईओ से मुलाकात की। इस बैठक में रॉल्स रॉयस और वोडाफोन सरीखी कंपनियों के सीईओ शामिल हुए। कार्यक्रम को लेकर वेम्बले स्टेडियम में तैयारियां जोरों से जारी हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजक कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहते।