चेन्नई - तमिलनाडु में भारी बारिश के चलते हुए हादसों में सात और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़ कर 55 हो गई है। उत्तर-पूर्वी मानसून के प्रभाव के कारण राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात बाधित हो गया है। जानकारी के मुताबिक सेंट थॉमस माउंट और वेलाचेरी समेत दक्षिण चेन्नई के कई हिस्सों में जलभराव है जिसके कारण रेलवे पुल पानी में डूब गए हैं।
चेन्नई, वेल्लोर, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम समेत उत्तरी जिलों में स्कूल एवं कॉलेज बंद रहे। राज्य की राजधानी में दफ्तर जाने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्हें कार्यालयों तक जाने के लिए घुटने तक और कुछ स्थानों पर कमर तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। पटरियों पर पानी भर जाने के कारण चेन्नई से रवाना होने वाली रेलगाडिय़ों की सेवा भी प्रभावित हुई।
करीब 27 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। अन्ना सलाई, पूनमल्ली हाई रोड और जीएसटी रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो जाने से यातायात परिचालन बाधित हो गया। सड़कों पर जलस्तर बढऩे के कारण रबड़ से बने अवरोधक तैरते दिखाई दिए और कुछ बसें बीच रास्ते में ही रुक गईं। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। मदुरांतकम ईरी की तरह तिरुवल्लूर और कांचीपुरम की कई झीलों में बड़ी मात्रा में जल आ गया है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा चेन्नई-रेड हिल्स, चोलावरम, चेंबरमबक्कम और पूंदी में पेयजल की आपूर्ति करने वाले जलाशयों में भी जलस्तर बढ़ गया है।