अलीगढ़ - अलीगढ़ जिले के देहली गेट इलाके में कथित तौर पर पटाखे जलाने को लेकर दो समुदाय के लोगों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में छह लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने आज यहां बताया कि सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले देहली गेट थाना क्षेत्र के खटिकन इलाके में कल रात एक घर के सामने पटाखे जलाने को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। उन्होंने बताया कि दोनों समुदायों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया और दोनों तरफ से पथराव हुआ तथा गोलियां भी चलाई गई।
उग्र भीड़ ने एक दुकान में आग लगा दी। इस वारदात में छह लोग जख्मी हुए हैं। उनमें से ज्यादातर को गोली लगी है। पुलिस ने बताया कि जख्मी लोगों को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। उनमें से एक की हालत नाजुक बताई जाती है। जिलाधिकारी बलकार सिंह ने बताया कि खटिकन इलाके में हुई सांप्रदायिक झड़प के बाद शहर के किसी हिस्से में ऐसी कोई वारदात नहीं हुई।