लखनऊ - उत्तर प्रदेश में एलईडी के प्रयोग से उपभोक्ताओं के बिलों में लगभग 192 करोड़ रुपये की कमी आएगी। बिजली की खपत कम हो, इसलिए केंद्र और राज्य सरकारों ने भी ज्यादा से ज्यादा एलईडी के इस्तेमाल पर जोर दिया है। एलईडी की कीमतों में भी लगातार कमी आ रही है। पिछले वर्ष फरवरी में 310 रुपये में मिलने वाले एलईडी की कीमत इस वर्ष जून में 75 रुपये तक पहुंच गई है।
एलईडी वितरण प्रणाली के आंकड़ों के अनुसार, इसके इस्तेमाल से जहां पूरे देश में दो अरब 96 करोड़ यूनिट बिजली की खपत कम होगी, वहीं अकेले उत्तर प्रदेश में 20 लाख 96 हजार यूनिट बिजली की खपत में कमी आएगी। उप्र पावर कारपोरेशन से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार के संयुक्त उपक्रम एनर्जी इफिसिएंसी सर्विस लिमिटेड (ईईएसएल) ने देश के 83 शहरों में अब तक दो करोड़ 65 लाख एलईडी बल्ब का वितरण किया है।