बेंगलूरु - कर्नाटक में टीपू सुल्तान की जयंती मनाने का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान टीपू के समर्थन में बयान देने पर स्टेज आर्टिस्ट प्ले राइटर और एक्टर गिरीश कर्नाड को जान से मारने की धमकी मिली है। कर्नाड को धमकी दी गई कि उनका भी वही हाल होगा जो कन्नड़ लेखक एमएम कलबुर्गी का हुआ था। हालांकि, ज्ञानपीठ पुरस्कार सम्मानित कर्नाड ने अपने बयान के लिए माफी भी मांग ली है।
उनका कहना है कि उन्होंने कार्यक्रम के दौरान जो कुछ भी कहा, वह उनका निजी बयान था। इससे अगर किसी की भावना को चोट पहुंची है, तो वह उसके लिए माफी मांगते हैं। कलबुर्गी की अगस्त में हत्या कर दी गई थी। इसको लेकर साहित्यकारों में गहरा आक्रोश भी देख गया। हालिया मामला कर्नाटक सरकार की ओर से टीपू सुल्तान की जयंती मनाने के बाद सामने आया, जिसका बीजेपी जैसी राजनीतिक और विहिप जैसे संगठन विरोध कर रहे हैं।
गिरीश कर्नाड की माफी को लेकर भाजपा का कहना है कि अगर वे अपने मत को निजी बताते हैं, तो उन्हें अपना निजी मत किसी निजी कार्यक्रम में ही रखना चाहिए था, ऐसे सरकारी कार्यक्रम में नहीं। अब उन्हें उसी तरह मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आम जनता से माफी मांगनी चाहिए, जिनकी मौजूदगी में उन्होंने वे सारी बातें कहीं।