नयी दिल्ली - प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) लीग की फ्रेंचाइजी टीम उत्तर प्रदेश ने अपने आइकन पहलवान सुशील कुमार को सोमवार को 11 लाख रुपये भेंट किए। उत्तर प्रदेश फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा," प्रो रेसलिंग लीग और उत्तर प्रदेश फ्रेंचाइजी के आइकन और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील को 11 लाख रुपये भेंट किए जाते हैं।
टीम का मानना है कि ओलंपिक पदक विजेता अपनी टीम और देश के लिए काफी अहम है।" फ्रेंचाइजी के मालिक लोटस ग्रीन्स ने तीन नवंबर को लगाई गई बोली में सुशील को 38.20 लाख रुपये में खरीदा था। लीग दस दिसंबर से 27 दिसंबर खेली जाएगी जिसमें उत्तर प्रदेश के अलावा पांच और टीमें हिस्सा लेंगी।