पटना - बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में महागठबंधन को मिले प्रचंड बहुमत को राज्य के लोगों और उसके स्वाभिमान की जीत बताया और कहा कि इस नतीजे से देश के मिजाज का भी पता चलता है जो सशक्त विकल्प और विपक्ष की चाहत में है। कुमार ने अपने आवास पर राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार के चुनाव नतीजे का राष्ट्रीय परिपेक्ष्य में भी अर्थ है।
बिहार के चुनाव पर पूरे देश की नजर थी और जब पोस्टल बैलेट की गिनती में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को आगे बताया जा रहा था तो पूरे देश में लोगों की बेचैनी बढ़ गयी थी, लेकिन जैसे ही महागठबंधन ने बढ़त बनायी लोगों में उल्लास बढ़ गया। देश में कट्टरवाद उन्होंने कहा कि इससे लोगों की इच्छा का पता चलता है। लोकतंत्र में कोई नहीं चाहता है कि विपक्ष कमजोर रहे और सरकार निरंकुश होकर काम करे। बिहार का चुनाव देश के मिजाज को बताता है कि लोग राष्ट्रीय स्तर पर भी सशक्त विकल्प और विपक्ष चाहते है।
देश में कट्टरपंथ हावी होता जा रहा है। इसी वजह से असहिष्णुता को लेकर देश भर के ख्यातिप्राप्त लेखक, इतिहासकार, फिल्मकार, साहित्यकार, वैज्ञानिक और पत्रकार अपनी भावना प्रकट कर रहे है। बिहार चुनाव के इस नतीजे के बाद अब बहुत सारे मुद्दो का समाधान होगा। महागठबंधन की एकता का नतीजा मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार चुनाव को लेकर लोग अनुमान लगा रहे थें कि यहां कांटे की टक्कर होगी, लेकिन नतीजों से साफ पता चलता है कि जनता का मन पहले से ही उनकी सरकार के प्रति बना हुआ था।
चुनाव में महागठबंध ने जिस एकजुटता के साथ काम किया, यह उसी का परिणाम है कि उसे समाज के हर तबके का समर्थन मिला। उनके विरोधियों ने जिस तरह से आक्रामक प्रचार किया और जिस तरह की परिस्थितियां उत्पन्न करने की कोशिश की, उससे यह कयास लगाया जा रहा था कि वोटों का ध्रुवीकरण होगा, लेकिन उससे उलट परिणाम आया है। इस बड़ी जीत को विनम्रता पूर्वक स्वीकार करते है और बिहार को आगे बढ़ाने को लेकर लोगों की उम्मीद को वह अच्छी तरह से समझ रहे है। लोगों को भरोसा दिलाना चाहते है कि वह उनकी उम्मीद के अनुरुप काम करेंगे।
सकारात्मक सोच के साथ काम साथ ही कुमार ने कहा कि ने कहा कि महागठबंधन के घटक दलों ने चुनाव पूर्व या बाद में जो एकजुटता का परिचय दिया उसे लोगों ने पसंद किया और इसी के कारण इतना बड़ा जनादेश मिला है। महागठबंधन के नेता मिलकर काम करेंगे और लोगों की अपेक्षा पर खरा उतरेंगे। विरोधियों ने चुनाव के समय चाहे जो कुछ भी कहा हो उनके प्रति उनकी सरकार कोई दुर्भावना नहीं रखेगी और सकारात्मक सोच के साथ काम करेगी। बिहार में वह विपक्ष का सम्मान करेंगे और प्रमुख मसलों पर सर्वानुमति बनाने की कोशिश करेंगे।
भले ही विपक्ष के लोग ज्यादा सीट नहीं जीत सके हों, लेकिन वह उनका मजाक नहीं उड़ायेंगे। वह अपनी भूमिका को अच्छी तरह से समझते है और आगे भी वह पूरी एकजुटता के साथ काम करेंगे ताकि सबका हौसला बुलंद हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव प्रचार के दौरान चाहे जो भी कहा हो, लेकिन अब जनादेश आ गया है, वह अब केन्द्र से पूरा सहयोग कर काम करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि उस पक्ष के लोग भी देश और बिहार की प्रगति के लिए सकारात्मक रवैया अपना कर चलेंगे।