नई दिल्ली - दालों की आसमान छूती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने रबी फसल के लिए चने और मसूर का समर्थन मूल्य बढ़ाने के साथ-साथ उस पर बोनस देने और गेहूं तथा सरसों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि की घोषणा की है। इनका बढ़ा समर्थन मूल्य प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आज यहां हुई बैठक में वर्ष 2015-16 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1450 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1525 रुपए, जौ का 1150 रुपए से बढ़ाकर 1225 रुपए, चने का 3175 रुपए से बढ़ाकर 3425 रुपए, मसूर का 3075 रुपए से बढ़ाकर 3325 रुपए करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही सरसों का समर्थन मूल्य 3100 रुपए से बढ़ाकर 3350 रुपए और सूरजमुखी का 3050 रुपए से बढ़ाकर 3300 रूपये प्रति क्विंटल करने का फैसला किया गया। ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने बैठक के बाद बताया कि चने और मसूर पर 75 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का भी निर्णय लिया गया। इस प्रकार सरकार ने पिछले वर्ष की तुलना में गेहूं और जौ के समर्थन मूल्य में 75 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा किया है जबकि चना, मसूर और सरसों की कीमतों में 250 रूप, प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।