भोपाल - गांवों में लड़कों की तुलना में लड़कियों का पढ़ाई में प्रतिशत हमेशा ही कम रहता है। लेकिन अब ये बातें गुजरे जमाने की हो गई हैं। अब लड़कियां लड़कों से पीछे नहीं, बल्कि पढ़ाई में भी कई गुना आगे हैं। राजधानी से लगे एक गांव में लड़कों की तुलना में लड़कियां ज्यादा शिक्षित हैं। यहां स्कूल में पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं की बात करें, तो जहां 70 प्रतिशत लड़कियां स्कूल जा रही हैं, वहीं लड़कों का प्रतिशत महज 30 है। इस नेक काम को पूरा किया है यहां के सरकारी स्कूल के शिक्षक और खुद छात्राओं ने।
भोपाल से लगे र्इंटखेड़ी गांव में गरीब वर्ग ज्यादा होने के कारण लड़कों को तो माता- पिता काम-धंधा सिखाने में लगा देते हैं, लेकिन लोग लड़कियों को खूब पढ़ा रहे हैं। यहां के हायर सेकंड्री स्कूल की बात करें तो कक्षा बारहवीं में 483 छात्र- छात्राओं में करीब 380 छात्राएं हैं। इसी तरह प्राइवेट स्कूलों में छात्राओं की संख्या ज्यादा है। इससे भी बड़ी बात ये है कि ये छात्राएं 15 से 20 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय करके स्कूल आती हैं। स्कूल में ईटखेड़ी के अलावा कनेरा, कडाई खुर्द, अगरिया, सूखा चंदेरी, खजूरी, बीनापुर और बरखेड़ी खज्जाम जैसे दूरदराज इलाकों से लड़कियां पढ़ने आ रही हैं।