नई दिल्ली - दिल्लीवासियों को सड़कों पर बढ़ते हुए यातायात के लिए अतिरिक्त पैसे चुकाने पड़ सकते हैं क्योंकि आम आदमी पार्टी सरकार के परिवहन मंत्री गोपाल राय के मुताबिक कंजेशन टैक्स दिल्ली में बढ़ रहे वाहनों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए एक समाधान होगा। राजधानी इसकी ओर बढ़ रही है और हमें इसकी योजना बनाकर लागू करना होगा क्योंकि जागरूकता अंतिम विकल्प नहीं है। इस माह की 22 तारीख को 'कार फ्री डे द्वारका में आयोजित किए जाने की जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री ने कई मुद्दों पर अपनी राय जाहिर की।
दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राजधानी के लोगों को प्रदूषण एवं जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दूसरा कार फ्री डे द्वारका में मनाया जाएगा और इसमें लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार फ्री डे के लिए तय रास्ते पर मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। गोपाल राय ने कहा कि कार फ्री डे रोड न. 202, द्वारका सेक्टर 3-13 के चौराहे से सेक्टर 7-9 के चौराहे के बीच सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।