नई दिल्ली - जनता को बड़ा तोहफा देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली और धनतेरस से पहले सोने से जुड़ी 3 बड़ी योजनाएं पेश की हैं। अशोक चक्र वाले भारतीय सोने के सिक्कों के अलावा गोल्ड मोनेटाइजेशन और गोल्ड बांड स्कीम भी लॉन्च की गई, जिसमें 5 और 10 ग्राम के सोने के सिक्कों के अलावा 20 ग्राम का गोल्ड बार भी लोगों के लिए उपलब्ध रहेगा।
यह गोल्ड कॉइन्स एमएसटीसी स्टोर से बेचे जाएंगे। 5 ग्राम के 15 हजार, 10 ग्राम के 20 हजार और 20 ग्राम के 3750 बार बेचे जाएंगे। प्रधानमंत्री ने पहला ऐसा सोने का सिक्का और बुलियन जारी किया, जिस पर राष्ट्रीय चिह्न् अशोक चक्र और महात्मा गांधी का चित्र अंकित है। उन्होंने कहा कि देश में 20 हजार टन सोना आम परिवारों और संस्थाओं के पास बेकार पड़ा है, फिर भी हम गरीब हैं। गरीबी का कारण भी यही है कि हमारा 20 हजार टन सोना बेकार पड़ा है।
'गरीब भारत' से पा सकता है मुक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोने से जुड़ी तीन योजनाएं लांच की और कहा कि इन योजनाओं से देश के साथ जुड़े 'गरीब भारत' के टैग से मुक्ति पायी जा सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई कारण नहीं कि भारत गरीब रहे। उन्होंने कहा कि यदि हम थोड़ी कोशिश करें तो इस टैग से मुक्ति पा सकते हैं।