नई दिल्ली - अधिकारों को लेकर उपराज्यपाल नजीब जंग और दिल्ली सरकार के बीच चल रहा टकराव खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इस मुददे को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों के बीच राष्ट्रीय राजधानी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। यह बैठक 20 मिनट चली।
आधिकारिक सूत्रों कि माने तो मुलाकात के दौरान हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को पैरोल देने तथा भवन के निर्माण के लिए भाजपा को जमीन के आबंटन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि चौटाला के पैरोल मामले में उपराज्यपाल विशेष दिलचस्पी दिखा रहे हैं । इससे पहले बुधवार को उपराज्यपाल ने भी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर गृहमंत्री से मुलाकात की थी।