नयी दिल्ली - अवैध रूप से लाये गये सस्ते चीनी पटाखों से घरेलू उद्योग को बचाने के उद्देश्य से मुंबई, बेंगलूरु, चेन्नई, त्रिची, विजयवाड़ा, मदुरै और लुधियाना आदि स्थानों पर छापे मारकर दो करोड़ रुपये से अधिक के पटाखे जब्त किये गये हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राजस्व सतर्कता महानिदेशालय ने 28 अक्टूबर से देश के कई शहरों में 100 से अधिक गोदामों पर छापे मारकर चीन निर्मित दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के पटाखे जब्त किये गये हैं। यह कार्रवाई सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत की गयी है।
इस संबंध में आगे की जाँच अभी जारी है। इसमें कहा गया है कि बड़े पैमाने पर चीन निर्मित खराब गुणवत्ता के पटाखों के अवैध तरीके से देश में लाये जाने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गयी है क्योंकि वाणिज्य मंत्रालय ने विदेश व्यापार नीति के तहत पटाखों के आयात पर रोक लगा रखी है। पटाखों के आयात के लिए वाणिज्य मंत्रालय ने एक भी लाइसेंस जारी नहीं किया है।