मुंबई - मुंबई में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने आज शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य गवाह इंद्राणी मुखर्जी और दो की न्यायिक हिरासत सात नवंबर तक बढा दी। उनकी 12 दिन की हिरासत की अवधि आज समाप्त हो रही थी। यह पहला मौका था जब सीबीआई के पिछले महीने मामले की जांच की जिम्मेदारी संभालने के बाद तीनों आरोपियों इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति संजीव खन्ना और चालक श्यामवर राय को अदालत में पेश किया।
सुनवाई के दौरान सीबीआई ने आज तीनों से जेल में आगे की पूछताछ की अनुमति देने का अनुरोध किया, जिस पर मजिस्ट्रेट एन बी शिंदे ने कहा कि वह उनसे सात नवंबर तक आगे पूछताछ कर सकती है। अदालत के एक सवाल पर सीबीआई के वकील ने कहा कि एजेंसी ने इंद्राणी से दो बार पूछताछ की है लेकिन उससे आगे भी पूछताछ की जरुरत है। सीबीआई ने सत्यापन के लिए इंद्राणी की आवाज का नमूना मांगा है क्योंकि उसे कुछ कॉल रिकॉर्ड मिले हैं जिसमें कथित तौर पर उसकी आवाज है।