नई दिल्ली - कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज कहा कि देश में जानबूझकर और सोची समझी रणनीति के तहत घृणा का माहौल पैदा किया जा रहा है जिससे देश की प्रतिष्ठा दांव पर लग गयी है और विरासत खतरे में पड़ गयी है। श्रीमती गांधी ने यहां गांधीवादी समाजसेवी पी वी राजगोपाल को 29वां इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि विविधता में एकता की हमारी विरासत रही है लेकिन इस पर आज खतरा मंडराने लगा है।
दुख की बात यह है कि जिस विविधता ने हमें अलग तथा विशिष्ट पहचान दी और दुनिया में अनोखा बनाया उसके समक्ष बड़ा संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ खास विचारधारा के लोग सोची समझी रणनीति के तहत देश को बांटने की कोशिश की जा रही हैं। हमारी एकता की विरासत को मिटाने का प्रयास हो रहा है। संकीर्ण मानिसकता से प्रेरित लोगों द्वारा हिंसा और घृणा का माहौल पैदा किया जा रहा है जिससे देश की प्रतिष्ठा दांव पर लग गयी है।