नई दिल्ली - एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने महंगाई को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला है। शनिवार को एक जनसभा में शरद पवार ने अपने भाषण में कहा कि सरकार महंगाई पर रोक लगाने के बिल्कुल मूड में नहीं है। एनसीपी प्रमुख ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, व्यापारी दाल की कीमत कम करना चाहते हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार इसके लिए बिलकुल सहमति नहीं जाता रही हैं।
हमारे शासनकाल में दलहनों की कीमत 70 रुपये थी और अभी के सरकार के शासनकाल में दाल की कीमत 230 रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा की ऐसे अच्छे दिन जनता को नहीं चाहिए, हमें हमारे पुराने दिन लौटा दीजिए। शरद पवार ने महाराष्ट्र सरकार पर शिकंजा कसते हुए कहा की फडणवीस के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार आई है, तब से किसानों की आत्महत्या करने की घटनाएं बढ़ गई हैं। पवार ने कहा की जनता का भरोसा मुख्यमंत्री से उठ गया है।