पटना - बिहार विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया । इसके तहत प्रदेश के सात जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और सिवान के कुल 55 विधानसभा क्षेत्रों में मत डाले जा रहे हैं । सभी 55 सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ । 9 बजे तक 12.13 प्रतिशत मतदान की खबर है।
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतार देखी जा रही है । सुबह सात बजे से ही मतदाता मतदान करने के लिए लाइन में खड़े हैं । सुबह 9 बजे तक सात जिलों के 55 विधानसभा सीटों पर 12.13 प्रतिशत मतदान की खबर है । प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी चम्पारण में सुबह 9 बजे तक10.09 प्रतिशत. पूर्वी चम्पारण में 13.61 प्रतिशत, शिवहर में 13.20 प्रतिशत,सीतामढ़ी में 9.84 प्रतिशत,मुजफ्फरपुर में 13.43 प्रतिशत, गोपालगंज में 14.27 प्रतिशत और सिवान में 10.87 प्रतिशत मतदान होने की खबर है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर लक्ष्मणन ने बताया कि इन 55 विधानसभा क्षेत्रों में से 12 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर तथा एहतियात के तौर पर वहां उनमें से चार पर मतदान का समय सुबह 7.00 बजे से अपराह्न तीन बजे तक तथा आठ पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक तथा अन्य 43 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया गया है ।