भोपाल – भोपाल के जेपी अस्पताल में शनिवार को एक महिला ने बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में शुक्रवार की रात में भी एक महिला का प्रसव बाथरूम में हो गया था। दोनों महिलाओं ने बेटियों को जन्म दिया है। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के अनुसार बच्चा और मां दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाणगंगा में रहने वाली शिवकुमारी को शुक्रवार दोपहर ही अस्पताल में भर्ती किया था।
शिवकुमारी ने बताया कि उसे कल से ही लगातार लेबर पेन हो रहा है, लेकिन कल पूरी रात लेबर रूम में रहने के बाद भी जब प्रसव नहीं हुआ तो डॉक्टर ने उसे बाहर निकाल दिया। सुबह वह दोबारा दर्द होने पर फिर लेबर रूम पहुंची । लेबर रूम से जब वह बाथरूम गई तो वहां अचानक उसका प्रसव हो गया। हालांकि शिवकुमारी ने बच्चे को बाथरूम के फर्श पर गिरने से पहले अपने हाथ में थाम लिया।
शिवकुमारी की मां और पति ने जैसे-तैसे उसे बाथरूम से बाहर निकाला । शिवकुमारी के पति का कहना है कि उसकी पत्नी के पेट में पथरी है, इसलिए उसे तकलीफ हो रही थी।