रुद्रप्रयाग - केदारनाथ के लिए चल रही हेलीकॉप्टर सेवाएं 7 नवंबर तक बंद हो जाएंगी। कपाट बंद होने से पहले ही सभी हेलीकॉप्टर कंपनियां सामान समेट लेंगी। इस वर्ष अब करीब एक सप्ताह ही हेलीकॉप्टर कम्पनियों के जारी रहने की संभावना है। केदारनाथ यात्र में लगी हेलीकॉप्टर सेवाएं अब सामान समेटने की तैयारी में हैं। वर्तमान में केदारनाथ के लिए देवभूमि, हैरिटेज, हिमालयन हेली, पवनहंस, पिनैकल जैसी कंपनियां सेवाएं दे रही हैं।
यात्री संख्या में भी लगातार कमी आने के कारण हेली कंपनियां केदारनाथ के लिए प्रतिदिन कम ही उड़ानें भर रही हैं। पवनहंस 5 नवंबर को सेवा बंद करेगी जबकि पिनैकल 7 नवंबर को सेवा बंद करेगी। इसी तरह हिमालयन हेली और हैरिटेज भी कपाट बंद होने से पहले ही सेवा बंद करने की तैयारी में हैं। भैया दूज पर यानी 13 नवंबर को केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो जाएंगे। देवभूमि हेली सेवा को सरकारी तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है इसलिए जब तक सरकार चाहेगी देवभूमि की सेवा केदारनाथ के लिए जारी रहेगी। शीतकाल में केदारनाथ में इसी सेवा से काम होंगे।