आगरा - फेसबुक के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग आज बेमिसाल मोहब्बत के यादगार स्मारक ताजमहल का दीदार करने के बाद अवाक रह गये और उनके मुंह से बस यही अल्फाज निकले कि प्यार हमें कैसा अजूबा बनाने के लिए प्रेरित कर सकता है।
सोशल नेटवर्किंग के दिग्गज मार्क जुकरबर्ग ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) नयी दिल्ली में कल आयोजित होने वाले टाउनहाल प्रश्नोत्तर सत्र से पहले आज यहां उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के दुनिया के सात अजूबों में शुमार किये जाने वाले ताजमहल के दर्शन के लिए पहुंचे। ताज का दीदार करने के बाद उन्होंने कहा "यह मेरी सोच से ज्यादा खूबसूरत और हतप्रभ कर देने वाला है।"
ताजमहल के साथ अपनी फोटो फेसबुक पर पोस्ट किये मार्क जुकरबर्ग ने कहा "मैं भारत में अपने टाउनहाल क्यू एण्ड ए के सिलसिले में आया हूं। मैं हमेशा से इसका दीदार करना चाहता था और आज मैंने ताजमहल का दर्शन करने का फैसला लिया।" श्री जुकरबर्ग ने अपनी फोटो भी सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर जिसमें वह ब्लू जींस तथा ग्रे रंग की टी शर्ट पहने हैं। उन्होंनें फेसबुक पर अपने दूसरे पोस्ट में लिखा कि भारत में 13 करोड लोग इस सोशल नेटवर्किंग साइट का इस्तेमाल करते हैं और मैं उनसे बात करना चाहता हूं।
उन्होंने कहा कि यह कल्पनातीत है कि लोग क्या बना सकते हैं और प्रेम हमें क्या क्या बना देने के लिए प्रेरित करता है। पिछले महीने अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मेजबानी करने वाले जुकरबर्ग की ताजनगरी की इस यात्रा को एक सकारात्मक कदम के रुप में देखा जा रहा है। श्री जुकरबर्ग कल दिल्ली के आईआईटी जायेंगे ।