नयी दिल्ली - राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊ रानीपुर में एक महिला सिपाही के साथ उसके सहयोगियों द्वारा कथित सामूहिक बलात्कार की मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया में आई रिपोर्ट सही है तो यह पीडिता के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।
मानवाधिकार संस्था ने कहा है कि गत 6 अक्टूबर को आई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मैनपुरी की रहने वाली यह सिपाही इटावा पुलिस लाइन में तैनात है । वह 15 दिन की ड्यूटी पर मऊ रानीपुर आयी थी । जब वह 28 सितम्बर को वापस लौट रही थी तो उसके दो साथी उसे बहला फुसला कर कार में ले गये और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीडिता को बाद में गंभीर हालत में इटावा के अस्पताल में भर्ती कराया गया।