नई दिल्ली - वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि जमाखोरी के खिलाफ तीन-चार दिनों से चल रही छापेमारी के दौरान 36 हजार टन दाल जब्त की गई है। आयातित दाल के साथ उसके बाजार में आने पर अगले 2-3 दिनों में कीमतें कम होने लगेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दालों की उपलब्धता एवं कीमत पर निगरानी के लिए गठित समूह की पहली बैठक के बाद जेटली ने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों में केन्द्र की निगरानी में राज्यों में 3290 छापेमारी कर अब तक 36 हजार टन दाल जब्त की गई है और छापेमारी अभी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि जमाखोरी रोकना राज्यों की जिम्मेदारी है, लेकिन उनके समय पर कार्रवाई नहीं करने की वजह से ऎसी स्थिति बनी है। जेटली ने कहा कि पांच हजार टन आयातित दाल आ चुकी है और तमिलनाडु ने 500 टन दाल उठाया है। आंध्र प्रदेश को 1800 टन दाल दिया जाएगा । तीन हजार टन और आयातित दाल शीघ्र ही आने वाली है।