भाजपा के नेताओं का बड़बोलापन और असंवेदनशील व्यवहार रुकने का नाम नहीं ले रहा. ताज़ातरीन घटना में फरीदाबाद में दलित बच्चों को जिंदा जलाए जाने की घटना पर विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने एक विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि यदि कोई कुत्ते को पत्थर मार दे तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार नहीं है। केंद्र सरकार का दलित बच्चों की मौत से कुछ लेना-देना नहीं है।
विवाद बढ़ता देख पार्टी ने वीके सिंह के इस बयान से किनारा कर लिया है। बीजेपी नेता प्रभात झा ने इस बयान की निंदा की है। बीजेपी ने इस बयान को असंवेदनशील बताया और कहा कि ऐसे बयानों से पार्टी मुश्किलों में घिरती है। फरीदाबाद की घटना में सरकार की भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर घटना के लिए सरकार जिम्मेवार कैसे है। वीके सिंह ने जब यह पूछा गया कि क्या यह सरकार की नाकामी है?, उन्होंने कहा, सरकार को इसके साथ मत जोड़िए। यह दो परिवारों का आपसी झगड़ा था, मामले की जांच की जा रही है। यह प्रशासन की नाकामी है। कोई कुत्ते को भी पत्थर मार दे तो सरकार जिम्मेवार कैसे है। इस घटना की जांच चल रही है और परिवारों के बीच मतभेद पहले से था। किसी भी स्थानीय घटनाओं का सरकार से संबंध नहीं है।
हालांकि यह पहली बार नहीं है कि जब वीके सिंह ने कोई विवादित बयान दिया हो इससे पहले भी वह कई मौकों पर विवादित बयान देकर फंस चुके हैं। इस बयान के बाद कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्रीय मंत्री ऐसे बयान दे रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि किसे कुत्ता कहा और किसे पत्थर कहा, यह उन्हें बताना चाहिए। कांग्रेस ने इस विवादित बयान के लिए वीके सिंह से माफी की मांग की।
।