जम्मू - कश्मीर में मंगलवार को उधमपुर के पास एक बस अनियंत्रित होकर गहरे खाई में गिर गई, जिससे 14 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। डिप्टी कमिश्नर उधमपुर शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि हादसा दालसर के पास में सुबह आठ बजे करीब हुआ। वाहन में जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे और यह तेज गति में भी था, जिस कारण अनियंत्रित हो गया।
बस चालक सवारियां लेने के लिए बस तेज चलाकर एक दूसरी बस से होड़ कर रहा था, जिस कारण हादसा हुआ। सरकार ने मृतकों के परिजनों को एक लाख और घायलों के परिजनों को दस हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। मौके पर आठ एंबुलेंस, बचाव टीम और कई क्रेन पहुंची। इनके अलावा करीब 50 स्थानीय युवकों ने भी बचाव टीम की मदद की।