नई दिल्ली - राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही के दिनों में अबोध बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाओं से चिंतित अरविंद केजरीवाल सरकार ने कुछ कड़े कानून बनाने की दिशा में कदम उठाने की पहल की है। इन कदमों के तहत नाबालिग के साथ कुकर्म में अपराधी को कम से कम उम्र कैद और अधिकतम फांसी की सजा, बलात्कारी के अवयस्क होने के मामले में उम्र सीमा घटाकर 15 साल किए जाने और बलात्कार के मामलों को फास्ट ट्रैक के जरिए जल्द से जल्द निपटाने की कोशिश की जाएगी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में सोमवार को हुई दिल्ली मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम फैसले किए गए। उप मुख्यमंत्री और कानून मंत्री मनीष सिसोदिया ने मंत्रियों का एक समूह बनाया है, जो 15 दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार कर मंत्रिमंडल के समक्ष रखेगा। इस समूह में गृह मंत्री सत्येंद्र जैन भी होंगे।