नई दिल्ली - कुछ दिन पहले श्रीनगर में गोमांस पार्टी देने वाले जम्मू- कश्मीर के निर्दलीय विधायक राशिद इंजीनियर पर सोमवार को प्रेस क्लब में कुछ अज्ञात लोगों ने विरोधस्वरूप स्याही फेंक दी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्याही फेंकने वाले लोगों को तुरंत कब्जे में ले लिया और उन्हें थाने ले गई। विधायक ने इस घटना के बाद कहा कि यह गांधी का नहीं, मोदी का हिंदोस्तान है।
दुनिया देख रही है कि भारत में क्या हो रहा है। वे कहते हैं कि पाकिस्तान पर तालिबान का कब्जा है, लेकिन यहां क्या हो रहा है। उन्होंने स्याही फेंकने वालों को मनोरोगी करार दिया। इस हमले के विरोध में राशिद धरने पर बैठ गए हैं। राशिद पर पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा हमला है। उन्हें बीफ पार्टी देने पर जम्मू-कश्मीर में भाजपा के सदस्यों ने भी पीटा था।