नई दिल्ली - भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के उन नेताओं को पार्टी मुख्यालय में तलब किया जिनके हाल ही में दिये विवादित बयानों ने पार्टी को मुश्किल स्थिति में डाल दिया है। ऐसी जानकारी मिल रही है कि अमित शाह ने इन नेताओं को चेतावनी दी है कि ऐसी बयानबाजी न करें। जानकारी हो कि हाल ही में मीडिया में भाजपा नेताओं के विवादित बयानों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नाराज़ हैं।
उनकी इस नारज़गी के चलते रविवार को विवादित बयान देने वाले नेताओं को पार्टी मुख्यालय में तलब कर उनसे जवाब मांगा गया । जिन नेताओं को बुलाया गया है उसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केन्द्रीय मंत्री महेश चन्द शर्मा, सांसद शाक्षी महाराज और उत्तर प्रदेश से विधायक संगीत सोम शामिल हैं। पार्टी आलाकमान में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि यह बयान ऐसे समय में आ रहे हैं जब पार्टी ने बिहार में विपक्षी दलों से कड़ा मुकाबला करने में जुटी है।