नई दिल्ली - बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज 32 विधानसभा क्षेत्रों के 9,119 मतदान केंद्रों पर कडी सुरक्षा बीच वोटिंग जारी है। ऎसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भविष्यवाणी की है कि बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुरी तरह हारेंगे। वहीं, नीतीश कुमार भारी बहुमत से विजयी होंगे। केजरीवाल ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर भविष्यवाणी की "मेरी जानकारी के मुताबिक मोदी जी बिहार चुनाव बुरी तरह से हार रहे है।
नीतीश जी चुनाव जीत रहे है। केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार धोखेबाज और वादाखिलाफी वाली सरकार है। ऎसे में जीतने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता है। आपको बता दें कि अब तक हुए सर्वे की मानें तो बिहार चुनाव में मोदी लहर है और भाजपा विजयी होंगी। वहीं, बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद है। बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 12 अक्टूबर को 49 सीटों के लिए मतदान हो चुका है। सभी सीटों के नतीजे दिवाली से ठीक तीन दिन पहले, आठ नवंबर को आएंगे।